जबलपुर, (ईएमएस)। विजयनगर थाना क्षेत्र में तड़के 4 बजे के आसपास एक मजदूर के साथ अज्ञात बदमाशों ने बेइंतेहा मारपीट की, मारपीट में आई चोटों के कारण मजदूर की मौत हो गई| आसपास में पूछताछ करने के बाद मृतक की शिनाख्त गोसलपुर अतरिया निवासी 52 वर्षीय लटोरी उर्फ जगदीश सिंह गौंड के रुप में हुई| पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है| घटना के संबंध में विजयनगर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार अतरिया गोसलपुर निवासी 52 वर्षीय लटोरी उर्फ जगदीश सिंह गौंड यहां विजयनगर थाना क्षेत्र में मजदूरी करता था| और रात में कही भी सो जाता था| इसी बीच बुधवार के तड़के 4 बजे उसकी लाश सड़क पर पड़ी थी, उसके हाथ, पैर व पीठ पर चोट के निशान थे| सुबह 4 बजे मंडी शुरु होने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी| पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया, जहां परीक्षण के उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया| विजयनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 103(3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। सुनील साहू / मोनिका / 01 अप्रैल 2026/ 5.00