क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल होलीपुरा में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए नवप्रवेशी बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें पुस्तकें और खिलौने भेंट किए। उन्होंने कक्षा 1 के विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं खिलौने प्रदान कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। साथ ही कक्षा 9 के विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने हेतु प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा उत्साह और उमंग के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। कलेक्टर श्री वानखड़े ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुनील शुक्ला समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।