क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


- कलेक्टर जुर्माना वसूली में तेजी लाने के निर्देश मुरैना ( ईएमएस ) | जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य नमूनों की जांच, प्रवर्तन कार्रवाई एवं जुर्माना वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक कुल 1072 विधिक नमूने लिए गए हैं। इनमें से 723 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिनमें 695 नमूने मानक स्तर के पाए गए, जबकि 28 नमूने अमानक पाए गए हैं। वहीं 349 नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सैंपलिंग प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए तथा लंबित रिपोर्टों को शीघ्र प्राप्त करने हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि अमानक नमूनों की संख्या कम होना सकारात्मक संकेत है, किंतु निगरानी में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अवनीश कुमार गुप्ता ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में मिश्रित दूध के 139, पनीर के 65, घी के 125, मावा के 57, अन्य दुग्ध उत्पादों के 35, खाद्य तेल के 83, मसालों के 60 तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 521 नमूने लेकर उन्हें शासन के निर्देशानुसार भोपाल एवं इंदौर की प्रयोगशालाओं में जांच हेतु भेजा गया है। प्रयोगशालाओं से रिपोर्ट प्राप्त होने में हो रही देरी पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल पत्र लिखकर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि एडीएम न्यायालय में 140 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 10 लाख 19 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है, जिसमें से अब तक 2 लाख 5 हजार रुपये की वसूली हुई है। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वसूली कार्य में सख्ती बरतते हुए शेष राशि की शीघ्र वसूली सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, सर्विलेंस के तहत 1016 नमूने तथा चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा 3334 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 3249 नमूने मानक पाए गए एवं 85 नमूने अमानक रहे। साथ ही 130 जागरूकता कार्यक्रम एवं 70 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर खाद्य सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, समस्त एसडीएम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।