-70 फीट गहरी खाई में गिरा हाइवा जबलपुर, (ईएमएस)। मंडला से जबलपुर की ओर आ रहा एक हाइवा बुधवार सुबह ग्राम सहजनी के पास अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरी खाई में जा गिरा। पहाड़ी से टकराते हुए नीचे गिरने के कारण हाइवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बल्देवबाग निवासी रंजीत यादव हाइवा चला रहे थे और उनके साथ परिचालक अंकित यादव मौजूद थे। दोनों सुबह मंडला से जबलपुर के लिए रवाना हुए थे। जब वाहन ग्राम सहजनी से आगे बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रहे एक भारी वाहन को साइड देने के दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया। सड़क संकरी होने और मोड़ होने के कारण हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा पहले पहाड़ी से टकराया और फिर कई फीट नीचे लुढ़कता हुआ खाई में जा अटका। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए खाई में उतरकर केबिन में फंसे चालक और परिचालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गिरने के कारण दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें नजदीकी शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के कारण मंडला-जबलपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित किया और क्रेन मंगवाकर खाई में गिरे हाइवा को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कराई। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सुनील साहू / शहबाज / 01 अप्रैल 2026/ 5.55