क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


- चंबल आयुक्त और कलेक्टर की उपस्थिति में “स्कूल चले हम अभियान” के तहत जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम संपन्न मुरैना ( ईएमएस ) | नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर “स्कूल चले हम अभियान” के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम चंबल आयुक्त सुरेश कुमार, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर एवं कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिलें वितरित की गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त समाज एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पालकों से भी सतत संपर्क किया जाएगा, जिसमें पालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालयों में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही, क्योंकि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने आगे बताया कि शासन के निर्देशानुसार 1 से 4 अप्रैल तक चार दिवसीय प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवधि में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, एलुमनी सम्मान एवं “भविष्य से भेंट” जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रवेशोत्सव विद्यार्थियों के लिए उत्साह, प्रेरणा एवं उमंग का विशेष अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में साइकिल एवं पाठ्यपुस्तक वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएगी। विद्यार्थियों का स्वागत कर निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं बैग वितरित किए गए। साथ ही कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बनवारी लाल धाकड़, समाजसेवी श्री ऋषि यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, राष्ट्रीय शिक्षा केन्द्र भोपाल की ओआईसी श्रीमती सुमन डंगस, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदौलिया सहित विद्यालय के प्राचार्य श्री शांडिल्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।