- जनजातीय शिक्षा में रहा अहम योगदान इंदौर (ईएमएस)। माता शबरी कन्या आवासीय परिसर में राजनीति विज्ञान के व्याख्याता भूपेश यादव 37 वर्षों की समर्पित सेवा के पश्चात सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सम्मान में आयोजित भावभीने विदाई समारोह में सहकर्मियों और विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया। भूपेश यादव ने अपने लंबे सेवाकाल में विशेष रूप से जनजातीय उत्थान और बालिका शिक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने पिछले 10 वर्षों से अधिक समय तक एकलव्य आवासीय विद्यालय में प्रधानाचार्य के रूप में अपनी सेवाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने बैगा, भारिया और सहरिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उन्नति और समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उनकी देखरेख में दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई नवाचार भी किए गए। संस्था परिवार ने उनके उज्ज्वल और सुखद भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्यकाल को भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया। प्रकाश/01 अप्रैल 2026