- शोभायात्रा निकलेगी, धार्मिक अनुष्ठानों एवं भंडारों की धूम जबलपुर, (ईएमएस)। अंजनी पुत्र महाबली पवनसुत हनुमान का जन्मोत्सव गुरुवार 2 अप्रैल को शहर में पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर नगर के हनुमान मंदिरों में विविध धार्मिक अनुष्ठान, भंडारे के अलावा जागरण के आयोजन भी किए गए। हनुमान जन्मोत्सव पर अत्याधिक भक्ति भाव से लोग पूजन-पाठ, हवन, कीर्तन करने हनुमान मंदिर पहुंचेगे। नगर के अति प्राचीन और स्वयं सिद्धपीठ मां नर्मदा के पावन तट के किनारे स्थित श्री रामलला मंदिर में सवा लाख नारियलों का हवन किया जाएगा। हनुमान जन्मोत्सव पर होने वाले आयोजनों की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। हनुमान भक्त देर रात तक मंदिरों की साफ-सफाई, धुलाई और साज-सज्जा में व्यस्त रहे। शुक्रवार की शाम से ही हनुमान मंदिरों में अखण्ड रामायण पाठ के आयोजन प्रारंभ हो गए थे। बहुत से मंदिरों से धर्म जागरण रैलियां भी हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर निकाली गई। इस बार हनुमान जन्मोत्सव शनिवार को पड़ने से हनुमान जन्मोत्सव का महत्व दुगुना हो गया। शोभायात्रा आज..... हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आज 2 अप्रैल गुरुवार को गोविंदगंज रामलीला प्रांगण स्थित अति प्राचीन कटरा महावीर मंदिर से सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो मिलौनीगंज, सराफा, निवाड़गंज, दीक्षितपुरा होते हुये छोटे फुहारा पहुंचेगी। शोभायात्रा में राम दरबार, बाल स्वरूप हनुमान, दुर्गाजी आदि की झांकियां होगी। शोभायात्रा के उपरांत पूजन पाठ, भंडारा व शाम 5 बजे से भजन संगीत का कार्यक्रम आयोजित है। सवा लाख नारियलों का हवन होगा . . . . श्री रामलला मंदिर गौरीघाट में हनुमान जन्मोत्सव पर विविध धार्मिक आयोजनों के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी। यहां वर्ष में एक बार गर्भ गृह से श्री हनुमान लला को आम जनता के दर्शनार्थ बाहर निकाला जाएगा वहीं अर्जी के रुप में मनोकामना पूर्ण करने प्रतिस्थापित किये जाने वाले नारियलों का हवन होगा। मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला प्रारंभ होगा, अखंड रामायण पाठ प्रारंभ हो चुका है। सवा लाख नारियलों का हवन किया जाएगा साथ ही अभिषेक-पूजन और भंडारे का आयोजन भी होगा। भक्ति ज्ञान-गंगा कार्यक्रम . . . . . रानीताल चौक स्थित श्री संकटमोचन सिद्धपीठ में शाम 6 बजे से विशिष्ठ भक्ति ज्ञानगंगा का आयोजन किया गया है। इसके साथ हनुमान जी का रुद्राभिषेक, हवन, पूजन, हनुमान चालीसा का पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया है। बड़े महावीर मंदिर में महाआरती . . . . . . बड़े फुहारे के निकट अति प्राचीन बड़े महावीर मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हवन-पूजन का कार्यक्रम होगा और सांयकाल महाबली बड़े महावीर की महाआरती की जाएगी। यहां दिन भर प्रसाद का वितरण होगा और अगले दिन और रात्रि में भंडारे के साथ ही सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। हाईकोर्ट हनुमान मंदिर में 51 किलो का भोग... मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय परिसर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में सुबह 8 बजे से सामूहिक सुंदर कांड, हनुमान चालीसा होगा। 9.30 बजे हवन के उपरांत 51 किलो लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा। सुबह 10 बजे विशाल आरती और प्रसाद वितरण होगा। राम मंदिर मदन महल में श्री हनुमत जन्मोत्सव..................... श्री राम मंदिर मदनमहल में संकट मोचन श्री रामभक्त वीर हनुमान जी का जन्मोत्सव 12 अप्रैल दिन शनिवार को धूमधाम से मनाया जायेगा। इसी क्रम में प्रातः- 10 बजे श्री सुन्दरकांड का पाठ,11:30- बजे भजन कीर्तन, 12 बजे श्री हनुमान जी की आरती,12:30 बजे से भजनो की प्रस्तुति, तत्पश्चात प्रभु का प्रसाद (भंडारा) होगा। सिद्धपीठ आगासौद में आयोजन.................. निकटवर्ती श्री सिद्धपीठ हनुमान मंदिर परिसर आगासौद पाटन मार्ग जबलपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर 2 अप्रैल को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सुबह 11 बजे हवन, पूजन, महाआरती, कन्या भोज एवं विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया है इसके बाद क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा भजन कीर्तन, हनुमान चालीसा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति आयोजित है। चिंतामणि हनुमान मंदिर में भजन संध्या.............. पाटन रोड स्थित सिग्नेचर पार्क में स्थापित चिंतामणि हनुमान मंदिर में 2 अप्रेल को हनुमान जी के जन्मोत्सव पर विभिन्न आयोजन होंगे। प्रात: मंगल अभिषेक, आरती पूजन के बाद सुबह 10 बजे से भंडारा होगा। वहीं शाम 7 बजे महाआरती होगी। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया है। बता दें की 12 फीट ऊंचे हनुमान जी की प्रतिमा का निर्माण काले ग्रेनाइट पत्थर से किया गया है। स्वयं सिद्ध हनुमान मंदिर गेट नंबर 2 में आयोजन...... स्वयं सिद्ध श्री हनुमान मंदिर गेट नं. 2 राईट टाऊन मंदिर संचालक आचार्य पं धर्मेन्द्र दुबे ने बताया कि श्री हनुमान जन्मोस्तव में आज 2 अप्रैल को असंख्य कन्याओं का कन्यापूजन, कन्या भोग एवं 24 घंटे विशाल भंडारा एवं निशुल्क नेत्र स्वास्थ शिविर का आयोजन किया गया है इस दौरान में निशुल्क चश्मा वितरण, निशुल्क दवाई वितरण एवं निशुल्क जाँचे की जाएगी| सुनील साहू / मोनिका / 01 अप्रैल 2026/ 6.01