क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव में दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने सुबह करीब 7 बजे पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि गुलाब साहू और लता साहू ने करीब चार साल पहले दूसरी शादी की थी। मृतका चित्रा (22), लता की पहले पति से बेटी थी। बताया गया कि चित्रा का एक युवक के साथ आना-जाना था, जिसे लेकर आरोपी अक्सर नाराज रहता था। इसी बात को लेकर घर में कई बार विवाद हुआ। बुधवार सुबह भी गुलाब और चित्रा के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई पत्नी लता साहू को भी उसने नहीं बख्शा और उसे भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01अप्रैल 2026