क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


-तिलक और पुष्प वर्षा के साथ हुआ विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत - स्कूल चले हम अभियान के तहत प्रवेशोत्सव आयोजित; जल संसाधन मंत्री सिलावट और विधायक गौड़ ने बांटीं पाठ्य सामग्रियां :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में बुधवार से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हुआ। स्कूल चले हम अभियान के अंतर्गत पहले दिन विद्यालय पहुँचे नव-प्रवेशित और अन्य विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम महू नाका स्थित सांदीपनी नवीन मालवा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश उत्सव के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और प्रवेश उत्सव को संबोधित करते हुए प्रदेश के विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति और अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। :: शिक्षा ही समाज में परिवर्तन का आधार : मंत्री सिलावट समारोह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रमुख आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई शिक्षा नीति एक बड़ी क्रांति लेकर आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संकल्प प्रदेश को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता में नंबर वन बनाना है। मंत्री सिलावट ने विद्यार्थियों को नियमित स्कूल आने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। :: नवाचारों से सुदृढ़ होगा देश का भविष्य : विधायक मालिनी गौड़ क्षेत्रीय विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश शासन द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं और यही विद्यार्थी आगे चलकर देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। :: 4 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान :: कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग, टिफिन और पानी की बोतलें वितरित कीं। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. शांता भार्गव स्वामी ने बताया कि स्कूल चले हम अभियान 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसका मुख्य लक्ष्य जिले के अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना है। इस गरिमामय कार्यक्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा, जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/01 अप्रैल 2026