-एक्सप्रेस-वे, नेशनल हाईवे और ग्रामीण सड़कों के उन्नयन से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी होगी मजबूत नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर मध्यप्रदेश सहित ग्वालियर–चंबल संभाग में सड़क नेटवर्क और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर सहमति बनी और शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान ग्वालियर–आगरा एक्सप्रेस-वे (लगभग 4,822 करोड़ रुपये) और ग्वालियर वेस्टर्न बायपास (लगभग 1,347 करोड़ रुपये) जैसी बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं में प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुका है और अप्रैल माह से निर्माण को गति देने पर जोर दिया गया। एक अहम निर्णय के तहत ग्वालियर–भिंड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-719) के 4-लेन निर्माण कार्य को अब एमपीआरडीसी से हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंपा गया है। क्षेत्र में धीमी प्रगति और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया, जिससे अब परियोजना के तेजी से पूर्ण होने की उम्मीद है। इसके अलावा, अशोकनगर क्षेत्र में चंदेरी बायपास के 4-लेन निर्माण, गुना–अशोकनगर–चंदेरी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने और गुना–देवास हाईवे पर फ्लाईओवर निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। शिवपुरी शहर में ट्रैफिक सुधार के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास और एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना पर भी विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से शिवपुरी, अशोकनगर, चंदेरी और गुना जिलों में कुल मिलाकर 150 किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण और उन्नयन के प्रस्ताव रखे गए। इन परियोजनाओं से गांवों में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इन सभी योजनाओं के क्रियान्वयन से ग्वालियर–चंबल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। सिंधिया ने इन जनहितकारी परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। हिदायत/ईएमएस 01अप्रैल26