चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान अभिनेता और टीवीके प्रमुख विजय के काफिले की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। इस बारे में विजय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। 31 मार्च को लिखे पत्र में विजय ने 30 मार्च की उस घटना का उल्लेख किया, जब पेरम्बूर से नामांकन दाखिल करने के बाद कोलाथुर में अगले चुनाव प्रचार कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तभी उनके वीआईपी काफिले की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और यातायात प्रबंधन उपलब्ध नहीं कराया गया। अभिनेता से नेता बने विजय ने इस मामले को “गंभीर और चिंताजनक” सुरक्षा चूक बताकर कहा कि वे केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा के तहत एक संरक्षित व्यक्ति हैं। इसके बाद उनके काफिले के लिए तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन होना अनिवार्य था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका पूरा चुनाव प्रचार कार्यक्रम चुनाव अधिकारियों से विधिवत अनुमति लेकर ही आयोजित किया गया था। पत्र में विजय ने उल्लेख किया कि वे 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं और चेन्नई के पेरम्बूर तथा त्रिची पूर्व विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवार हैं। इस तरह के संवेदनशील चुनावी माहौल में सुरक्षा में लापरवाही न केवल उनके लिए, बल्कि आम जनता के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि इस घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए और भविष्य में उनके चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। आशीष दुबे / 01 अप्रैल 2026