जम्मू(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर की राजधानी के दोनों शहरों, जम्मू और श्रीनगर में यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लाइट मेट्रो ट्रेन परियोजना पर काम तेज हो गया है। जम्मू में बनतालाब से बाड़ी ब्राह्मणा तक और श्रीनगर में इंदिरा नगर से एचएमटी तक मेट्रो रेल के संचालन के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दी गई है। अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र से अंतिम मंजूरी और बजट आवंटन का इंतजार है। विधानसभा में अखनूर से विधायक मोहन लाल शर्मा द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में मंत्री सकीना इत्तू ने यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस परियोजना के पहले चरण में अखनूर को शामिल नहीं किया गया है, लेकिन भविष्य में केंद्र सरकार की सहमति और जरूरत के आधार पर इसके विस्तार पर विचार किया जा सकता है। जम्मू शहर के लिए तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार, बनतालाब से बाड़ी ब्राह्मणा तक का मेट्रो रूट लगभग 23 किलोमीटर लंबा होगा, जिस पर कुल 22 स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इस परियोजना के निर्माण के लिए 29.58 हेक्टेयर स्थायी और 1.5 हेक्टेयर अस्थायी भूमि की आवश्यकता का आकलन किया गया है। अनुमान है कि साल 2035 तक इस रूट पर प्रतिदिन लगभग 2.84 लाख लोग सफर करेंगे, जिससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी कम हो जाएगा। इसी तरह श्रीनगर में भी इंदिरा चौक से एचएमटी चौक तक लाइट मेट्रो चलाने की योजना है, जिसकी डीपीआर पर केंद्र की मुहर लगनी शेष है। सरकार का मानना है कि मेट्रो रेल न केवल यात्रा को सुगम बनाएगी, बल्कि राज्य के आर्थिक और पर्यटन विकास में भी मील का पत्थर साबित होगी। केंद्र से वित्तीय सहायता मिलते ही दोनों शहरों में निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। इस परियोजना के अमल में आने से स्थानीय निवासियों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वीरेंद्र/ईएमएस/02अप्रैल2026 ----------------------------------