तलाशी में फर्जी आधार, मलेशियाई करेंसी मिली, काम की तलाश में जा रहे थे कश्मीर जलपाईगुड़ी (ईएमएस)। भारत में अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पश्चिम बंगाल और दिल्ली में दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयां की गई है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन पर आरपीएफ ने दिल्ली जाने वाली नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से 14 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए इन लोगों में चार महिलाएं और चार नाबालिग हैं। पकड़े गए इन लोगों के पास आधार कार्ड बरामद हुए हैं। ये दस्तावेज फर्जी हैं या अवैध तरीकों से बनवाए गए हैं, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। तलाशी के दौरान इनके पास से फर्जी दस्तावेजों के साथ-साथ मलेशियाई मुद्रा भी बरामद हुई है। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे काम की तलाश में कश्मीर जा रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि यह कार्रवाई विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर और नियमित ट्रेन चेकिंग के दौरान की गई। उन्होंने कहा कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर हमारे आरपीएफ कर्मचारियों ने ट्रेनों के निरीक्षण के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की उनके आधार कार्ड की जांच करने पर दस्तावेज़ फर्जी प्रतीत हुए। इस पर कार्रवाई करते हुए हमने पांच पुरुषों, पांच महिलाओं और चार बच्चों को हिरासत में लिया। ये सभी बांग्लादेश के रहने वाले हैं। बता दें इससे पहले 13 मार्च को दिल्ली पुलिस के बाहरी जिले के विदेशी सेल ने भी अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ एक विशेष अभियान के तहत 10 बांग्लादेशी प्रवासियों को गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर फर्जी मेडिकल वीजा व्यवस्था का इस्तेमाल कर रहे थे। हिरासत में लिए गए इन अवैध नागरिकों को वापस भेजने के लिए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय द्वारा निर्वासन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। विदेशी सेल की एक विशेष टीम को सत्यापन अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक अपने वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद इलाके में रह रहे हैं। सिराज/ईएमएस 02अप्रैल26