नई दिल्ली (ईएमएस)। बीते कुछ वर्षों में सड़क हादसों को लेकर बढ़ती जागरूकता और बेहतर टेक्नोलॉजी की उपलब्धता के चलते लोग ऐसी कारों को तरजीह दे रहे हैं, जो मजबूत बॉडी और एडवांस सेफ्टी फीचर्स से लैस हों। कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में कई ऐसे मॉडल सामने आए हैं जिन्हें 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है और ये बाजार में मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। टाटा नेक्सन इस सूची में सबसे आगे है, जिसे ग्लोबल एनकैप और भारत एनकैप दोनों से 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है। इसमें 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और लेवल-2 अडास जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सO भी सेफ्टी के मामले में काफी मजबूत मानी जा रही है, जिसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और लेन कीप असिस्ट जैसी तकनीक मिलती है। स्कोडा कुशाक अपनी मजबूत बॉडी और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, मल्टी-कोलिजन ब्रेक जैसे फीचर्स के कारण सुरक्षित ड्राइविंग का भरोसा देती है। वहीं, टाटा पंच माइक्रो एसयूवी सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प है, जिसमें एबीएस, ईबीडी और ब्रेक स्वे कंट्रोल जैसे जरूरी सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। फॉक्सवैगन टाइगुन भी अपनी शानदार बिल्ड क्वालिटी और 5-स्टार रेटिंग के चलते ग्राहकों के बीच लोकप्रिय है। इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक और इसोफिक्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। बता दें कि भारत में कार खरीदते समय ग्राहकों की प्राथमिकताएं तेजी से बदल रही हैं और अब सेफ्टी सबसे अहम फैक्टर बनकर उभरी है। सुदामा/ईएमएस 02 अप्रैल 2026