पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना के मिठापुर पुलिस थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में बहला-फुसलाकर ले जाकर 12 साल की बच्ची से रेप करने के आरोप में पुलिस ने 32 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। यह घटना तब सामने आई जब पीड़िता की माँ ने बच्ची के शरीर पर चोट के निशान देखे और 31 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी नाबालिग को किराए के मकान में ले गया, जहाँ उसने 16 मार्च और फिर 19 मार्च को उसके साथ रेप किया। उस पर बच्ची को चुप रहने की धमकी देने और उसकी माँग में सिंदूर लगाने का भी आरोप है। पीड़िता की माँ ने आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार के सदस्यों ने पैसे देकर मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, आरोपी की माँ और बहन उसके बचाव में पुलिस थाने आईं और समझौते के लिए 1 लाख से 10 लाख रुपये तक देने की पेशकश की, लेकिन हमने मना कर दिया। उन्होंने आगे दावा किया कि सिंदूर देखने और अपनी बेटी से पूछताछ करने के बाद, बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया, जब मैं बाद में पूछताछ करने के लिए आरोपी की बहन के घर गई, तो उन्होंने मेरे साथ मारपीट की और मुझे धमकी दी। लिखित शिकायत के बाद, नाबालिग का एक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। सिटी एसपी (सेंट्रल) दीक्षा ने कहा, मसौढ़ी के रहने वाले आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे की जाँच चल रही है। संतोष झा-०२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस