राज्य सरकार के गृह विभाग ने नीतीश की सुरक्षा को लेकर अधिसूचना की जारी पटना,(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव की सुगहाहट तेज हो गई है। सीएम नीतीश कुमार के जल्द ही अपने पद से इस्तीफा देने की संभावनाओं के बीच राज्य सरकार के गृह विभाग ने उनकी सुरक्षा को लेकर एक अधिसूचना जारी की है। आदेश के मुताबिक सीएम पद से हटने के बाद भी नीतीश कुमार को जेड+ श्रेणी का सुरक्षा मिलती रहेगी। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में साफ कहा गया है कि नीतीश कुमार बिहार विशेष सुरक्षा अधिनियम, 2000 के प्रावधानों के तहत उच्च स्तरीय सुरक्षा कवर के हकदार हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुने गए थे और जल्द ही सीएम पद से इस्तीफ़ा देकर राज्यसभा जाएंगे। इन घटनाक्रमों के मद्देनज़र, नीतीश कुमार की सुरक्षा की समीक्षा करने के बाद उन्हें जेड+ सुरक्षा देने का फ़ैसला किया गया। इस महीने की शुरुआत में राज्यसभा के लिए चुने गए नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बिहार विधान परिषद से इस्तीफा देने के फ़ैसले के बाद राज्य के नए सीएम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। नीतीश के करीबी सहयोगी कुछ समय से संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए यह संकेत दे रहे हैं कि कोई भी व्यक्ति विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य न रहने के बाद भी छह महीने तक सीएम पद पर बना रह सकता है। सिराज/ईएमएस 02अप्रैल26 ---------------------------------