धमतरी(ईएमएस)। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में बिजली तारों की अस्त-व्यस्त स्थिति चिंता का विषय बन गई है। सदर बाजार हो या रिसाईपारा और बनियापारा, हर जगह बिजली के तार बिना किसी व्यवस्था के झूलते नजर आ रहे हैं। गोल बाजार के पास दो दिन पहले बिजली तारों में स्पार्किंग हुई और तार टूटकर गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गर्मी के मौसम में बिजली की खपत तेजी से बढ़ने के कारण ऐसी घटनाएं खतरनाक साबित हो सकती हैं स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग और नगर निगम प्रशासन को अब तुरंत पहल करते हुए सड़कों के ऊपर अस्त-व्यस्त पड़े और झूल रहे बिजली तारों को व्यवस्थित करना चाहिए। बिखरे तार न केवल देखने में बदसूरत हैं, बल्कि किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। विशेषकर गर्मी के दिनों में जब बिजली की मांग चरम पर होती है, तब तारों में स्पार्किंग या टूटने की संभावना और बढ़ जाती है। ऐसे में इन तारों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से लगाना जरूरी हो गया है, ताकि कोई अनहोनी घटना न घटे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026