नई दिल्ली (ईएमएस)। शकरपुर पुलिस ने स्नैचिंग, लूट और चोरी के 24 मामलों में शामिल कुख्यात अपराधी इंतजार उर्फ इम्तियाज को गिरफ्तार किया है। आरोपित त्रिलोकपुरी का निवासी है और उसके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। शकरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग, लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल एक कुख्यात और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित पहले भी 24 आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को मदर डेयरी रोड, शकरपुर के पास मोबाइल चोरी की एक ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई। लगातार निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के बाद आरोपित की पहचान की गई। तीन अप्रैल को पुलिस टीम अक्षरधाम फ्लाईओवर के पास गश्त कर रही थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहचान त्रिलोकपुरी निवासी इंतजार उर्फ इम्तियाज (30) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। - अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/अप्रैल /2026