- शीघ्र समाधान की मांग रामगढ़(ईएमएस)।पतरातू ग्राम पंचायत कोतो व न्यू मार्केट क्षेत्र में गहराते जल संकट को लेकर गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने बाल्टी, डेकची व अन्य बर्तनों के साथ प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।ग्रामीणों ने पानी की समस्या के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अविलंब समाधान की मांग की।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी सह समाजसेवी जयप्रकाश सिंह ननकी ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल-नल योजना के तहत टोकीसुद में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य हुआ और कोतो पंचायत में पाइपलाइन भी बिछाई गई, लेकिन सड़क निर्माण के कारण मात्र 35 घरों में ही कनेक्शन दिया गया। इसके बाद न तो नए कनेक्शन दिए गए और न ही बीते दो वर्षों से एक बूंद पानी की आपूर्ति हो सकी।उन्होंने आगे बताया कि कटिया में करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित जलमीनार भी वर्षों से बंद पड़ा है, जबकि यह कोतो की जमीन पर बना है। स्थानीय मुखिया द्वारा ग्रामीणों को समझाकर जमीन उपलब्ध कराई गई थी, ताकि देवी मंडप व मुंडा टोला सहित आसपास के क्षेत्रों को पानी मिल सके, लेकिन आज तक इसका लाभ नहीं मिल पाया।ग्रामीणों ने बताया कि 60-70 वर्षों से उपयोग में रहा डैम का पानी भी बंद कर दिया गया है।साथ ही अधिकांश चापाकल खराब पड़े हैं, जिनमें पाइप बदलने की जरूरत है।ऐसे में पूरे क्षेत्र में पेयजल की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।मुखिया निधि सिंह ने टोकीसुद जलमीनार के संवेदक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।वहीं न्यू मार्केट के समाजसेवी राहुल कुमार ने कहा कि पानी कोई खैरात नहीं, बल्कि लोगों का जन्मसिद्ध अधिकार है. जब तक हर घर तक पानी नहीं पहुंचेगा, आंदोलन जारी रहेगा।प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को रामगढ़ उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।इस मौके पर वार्ड सदस्य संदीप उरांव, सरिता देवी, वीना देवी, मनमती देवी, कन्हैया कुमार, महावीर अग्रवाल, गोविंद सोनी, अरविंदम नायक, नूरजहां प्रवीण, रानी देवी, ममता देवी समेत सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/02अप्रैल/26