02-Apr-2026
...


डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली शहर में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पांच साल की एक मासूम बच्ची के साथ एक पुजारी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए टिलकनगर पुलिस थाना ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गोग्रास वाड़ी इलाके में घर-घर जाकर पूजा-पाठ करने वाला आरोपी पुजारी हरीश भावे इस वारदात में शामिल है। बताया जा रहा है कि बच्ची के माता-पिता दोनों काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहते थे, जिसका आरोपी ने फायदा उठाया। आरोपी का पीड़ित परिवार के घर में आना-जाना था और इसी पहचान का दुरुपयोग करते हुए उसने यह घिनौना कृत्य किया। घटना के बाद बच्ची ने साहस दिखाते हुए अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। यह सुनकर परिवार सदमे में आ गया और तुरंत बच्ची को लेकर पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने बिना देरी किए मामला दर्ज कर आरोपी हरीश भावे को गिरफ्तार कर लिया। बहरहाल 5 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई घटना ने पूरे डोंबिवली क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि आखिर डोंबिवली में क्या हो रहा है ? ‎संतोष झा-०२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस