श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 के क्रियान्वयन हेतु शासन स्तर से वार्षिक चक्रीय क्रम में सामुहिक विवाहों के आयोजन के लिए निर्धारित तिथियों के क्रम में 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर सभी निकायो में सामुहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। उक्त योजना में लाभ लेने के लिए संबंधित अभिभावक विवाह सम्मेलन के लिए नियत तिथि 19 अप्रैल से 15 दिवस पूर्व 04 अप्रैल तक संबंधित निकायो में आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्रीमती शशिकिरण इक्का ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को समस्त निकायों अर्थात सभी जनपद पंचायतो एवं नगरपालिकाओं द्वारा सामुहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। उक्त तिथि पर आयोजित सामुहिक विवाह सम्मेलन अंतर्गत योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अभिभावक अपने आवेदन 4 अप्रैल तक संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायो में जमा करा सकते है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा देवउठनी ग्यारस (तुलसी विवाह) के अवसर पर 20 नवंबर 2026 तथा बंसत पंचमी के अवसर पर 11 फरवरी 2027 को सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों द्वारा सामुहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किये जायेगे। उक्त तिथियों में योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभिभावक अपने आवेदन आयोजन तिथि से 15 दिवस पूर्व तक संबंधित निकायों में जमा करा सकते है। अधिक जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित सामाजिक न्याय विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।