मनोरंजन
03-Apr-2026
...


सनी देओल और ऐश्वर्या राय बच्चन की एक ऐसी फिल्म, जो बनी, शूट हुई लेकिन कभी रिलीज नहीं हो सकी, अब 29 साल बाद फिर चर्चा में है। 90 के दशक में इस फिल्म का ऐलान बड़े स्तर पर किया गया था और फैंस इस नई जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित थे। साल 1997 में फिल्ममेकर पहलाज नहलानी ने ‘इंडियन’ नाम की फिल्म की घोषणा की थी, जिसमें सनी देओल और ऐश्वर्या राय लीड रोल में थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की लगभग 50 प्रतिशत शूटिंग पूरी भी हो चुकी थी और एक गाने पर उस समय एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए गए थे, जो उस दौर में बड़ी रकम मानी जाती थी। हालांकि, तमाम तैयारियों के बावजूद कुछ कारणों से यह फिल्म अधूरी रह गई और रिलीज नहीं हो पाई। दिलचस्प बात यह है कि साल 2001 में ‘इंडियन’ नाम से ही एक अलग फिल्म रिलीज हुई, लेकिन उसका इस प्रोजेक्ट से कोई संबंध नहीं था। आज भी यह फिल्म बॉलीवुड की उन अधूरी कहानियों में शामिल है, जिन्हें दर्शक कभी देख नहीं पाए। ‘रामायणम्’ के टीज़र की धूम बॉलीवुड अभिनेता रणवीर कपूर पहली बार भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म ‘रामायणम्’ के टीज़र ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इस मेगा प्रोजेक्ट को प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा तैयार कर रहे हैं, जिसे भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है। टीज़र में रणबीर कपूर की पहली झलक ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया है। यह कहानी हजारों साल पुरानी रामायण पर आधारित है, जिसे आधुनिक तकनीक और भव्यता के साथ पेश किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन नीतेश तिवारी कर रहे हैं। निर्देशक के अनुसार, यह फिल्म सिर्फ अच्छाई और बुराई की कहानी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, त्याग और मानवीय भावनाओं की गहराई को दर्शाती है। वहीं रणबीर कपूर ने कहा कि वह इस किरदार को निभाने नहीं, बल्कि उससे सीखने आए हैं। ‘रामायणम्’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा और इसे ग्लोबल स्तर पर पेश करने की तैयारी है, जिससे भारतीय पौराणिक कथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। ‘नागिन 7’ पर संकट के बादल टीवी इंडस्ट्री का लोकप्रिय शो नागिन 7 इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहा है। एकता कपूर के इस शो की टीआरपी लगातार गिरती जा रही है, जिसके चलते इसके ऑफ एयर होने की खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने शो में कई ट्विस्ट और नए ट्रैक जोड़ने की कोशिश की, लेकिन दर्शकों का रुझान वापस नहीं आ पाया। इसी वजह से अब शो को बंद करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि जहां टीवी पर इसकी हालत कमजोर है, वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ‘नागिन 7’ अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यह शो अभी भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना हुआ है। कुछ समय पहले एकता कपूर शो के सेट पर अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के लिए अक्षय कुमार और राजपाल यादव के साथ पहुंची थीं। बावजूद इसके, टीआरपी में सुधार नहीं हो पाया। अब देखना होगा कि मेकर्स इस शो को जारी रखते हैं या इसे बंद करने का फैसला लेते हैं। कंगना के बयान से छिड़ी बहस राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान अभिनेत्री कंगना रानौत के बयान ने फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि मुंबई में फिल्म शूटिंग अब पहले की तरह आसान नहीं रही है। स्टूडियो और शूटिंग फ्लोर की कमी के कारण निर्माताओं को लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे प्रोजेक्ट की लागत और समय दोनों बढ़ जाते हैं। कंगना ने बताया कि मुंबई में शूटिंग का खर्च काफी ज्यादा हो चुका है। एक शूटिंग फ्लोर का किराया प्रतिदिन 10 से 15 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जो छोटे और मध्यम बजट की फिल्मों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में फिल्ममेकर्स वैकल्पिक लोकेशनों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने नोएडा और दिल्ली को बेहतर विकल्प बताते हुए कहा कि यहां विकसित हो रही फिल्म सिटी इंडस्ट्री को नई दिशा दे सकती है। कम लागत, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और अधिक स्पेस जैसी सुविधाएं फिल्म निर्माण को आसान बना सकती हैं। कंगना के इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या भविष्य में बॉलीवुड का केंद्र मुंबई से हटकर दिल्ली-नोएडा बन सकता है। डेविड/ईएमएस 03 अप्रैल 2026