क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


- श्रद्धालुओं और संगठनों का हंगामा; झूला संचालकों को पुलिस ने पकड़ा गुना (ईएमएस)। जिले सहित प्रदेशभर में आस्था का केंद्र माने जाने वाले टेकरी सरकार हनुमान मंदिर पर लगे मेले में शुक्रवार को दूसरे दिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। यहां मेले में लगे कुछ झूला संचालकों द्वारा टेंट में नॉनवेज बनाकर खाने की सूचना जैसे ही श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और हिन्दूवादी संगठनों को मिली, वैसे ही आक्रोश फूट पड़ा और मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार एक वर्ग विशेष के झूला संचालक गुरुवार को हनुमान जयंती के अवसर पर मेले में अपने झूले लेकर पहुंचे थे और उन्होंने झूले संचालित करना शुरू किया था। शुक्रवार को भी मेला जारी था, तभी झूले के पास लगे टेंट में कुछ लोग नॉनवेज पकाते हुए देखे गए। यह बात तेजी से फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और बजरंगदल सहित अन्य हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। उन्होंने इस कृत्य को आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए कड़ा विरोध जताया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए संबंधित झूला संचालकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। इस दौरान बजरंगदल के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। यदि भविष्य में ऐसे झूले यहां दिखाई दिए तो उन्हें उखाड़ने तक की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद हिन्दूवादी संगठनों और टेकरी ट्रस्ट के पदाधिकारियों के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। संगठनों ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को मेले में झूला लगाने की अनुमति ही नहीं दी जानी चाहिए थी। इस पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि वे किसी को व्यापार करने से नहीं रोक सकते, लेकिन सभी को यहां के धार्मिक नियमों और आस्थाओं का सम्मान करना अनिवार्य है। टेकरी ट्रस्ट के पदाधिकारी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि देव स्थल पर इस तरह की गतिविधियां कतई स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पहले भी संबंधित लोगों को समझाइश दी गई थी, बावजूद इसके यह घटना हुई। अब आगे से किसी भी झूला संचालक को यहां अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के विवाद की स्थिति न बने। घटना के बाद पूरे मेले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। -सीताराम नाटानी