क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


- सुरक्षा में तैनात थे 3 पुलिसकर्मी, अब तलाश में जंगलों में भटक रही टीमें! पुलिस अधीक्षक ने बिठाई जांच, तडक़े 4 बज की घटना गुना (ईएमएस)। जिले के मधुसूदनगढ़ थाना में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी दिनेश भील पुत्र मेहरबान भील, निवासी लक्ष्मणपुरा थाना जामनेर, को मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार कर मधुसूदनगढ़ थाने के लॉकअप में रखा गया था। आरोपी की निगरानी के लिए तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी, बावजूद इसके वह तडक़े करीब 4 बजे लॉकअप से फरार हो गया। फरारी की जानकारी लगते ही पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया और तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी गई। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर ने बताया कि घटना गंभीर है और इसे संज्ञान में लिया गया है। एसपी द्वारा इस पूरे मामले में डीएसपी हेडक्वार्टर से विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी को रात में सुरक्षित लॉकअप में रखा गया था, लेकिन किन परिस्थितियों में वह भागने में सफल हुआ, यह जांच का विषय है। घटना के बाद थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। -सीताराम नाटानी