* साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर, किसानों की बढ़ी चिंता; 6 अप्रैल से मौसम सूखा होने की संभावना अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भीषण गर्मी के बीच राज्य में बेमौसम बारिश और मावठे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही कई स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ बारिश होने का अनुमान है। अहमदाबाद में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं देवभूमि द्वारका, पोरबंदर और गिर सोमनाथ समेत कई जिलों में आज बारिश दर्ज की गई है। राजस्थान और कच्छ के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन तथा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राज्यभर में मौसम अस्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बनासकांठा, साबरकांठा, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, द्वारका, गिर सोमनाथ, कच्छ और दीव में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा कच्छ, अमरेली, भावनगर, पाटण और उत्तर गुजरात के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है। कल यानी अगले दिन अरावली, पंचमहल, दाहोद, महिसागर और नर्मदा जैसे पूर्वी गुजरात के क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि 6 अप्रैल से राज्य में मौसम के फिर से शुष्क होने की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो राज्य में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। कच्छ, पाटण, मोरबी, सुरेंद्रनगर, साबरकांठा, अरावली, दाहोद और पंचमहल जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले तीन दिनों तक बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। चना, राई, इसबगोल और सौंफ जैसी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं और बारिश के कारण आम के बागों को भी नुकसान पहुंचा है। सब्जियां और अन्य रबी फसलें भी प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। सतीश/03 अप्रैल