महराजगंज (ईएमएस)। यूपी के महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र में दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के कहर से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल महिला अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 (जीएम मार्ग) पर तरकुलवा तिवारी के पास हुई थी। पुलिस प्राथमकि जांच के बाद कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 (जीएम मार्ग) पर तरकुलवा तिवारी के पास दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी और फिर साइकिल सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई थी। दुर्घटना में भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ा टोला निवासी भोला (38) और उनकी पत्नी सुमन (36) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने भोला को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमन की हालत नाजुक देखते हुए पहले जिला अस्पताल महराजगंज और फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं हादसे में श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के छातीराम निवासी सूर्यभान (62) की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूर्यभान साइकिल से कहीं जा रहे है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जितेन्द्र 03 अप्रैल 2026