- जनगणना-2027 फील्ड ट्रेनर्स ने घरों में पहुँचकर व्यवहारिक रूप से समझीं जनगणना की बारीकियां फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न ग्वालियर ( ईएमएस ) | भारत सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना 2027 के अंतर्गत ग्वालियर जिले के फील्ड ट्रेनरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के आखिरी दिन शुक्रवार को प्रशिक्षुओं द्वारा फील्ड विजिट कर यानि घरों में पहुँचकर व्यवहारिक रूप से जनगणना की बारीकियां समझीं। फील्ड ट्रेनर्स ने प्रगणक व सुपरवाइजर के रूप में मकान सूचीकरण संबंधी डाटा संग्रहण का कार्य कर प्रतीक स्वरूप मकानों की गणना की। इन फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जिले में जनगणना के लिये नियुक्त किए गए लगभग 5 हजार प्रगणक व सुपरवाइजर को प्रशिक्षित किया जायेगा। बाल भवन में आयोजित हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण के आखिरी दिन प्रशिक्षण ले रहे सभी 82 प्रशिक्षणर्थियों को तीन समूहों में विभाजित कर व्यवहारिक रूप से जनगणना सिखाने के लिये फील्ड विजिट कराई गई। इनमें से एक समूह को ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरई में जनगणना के लिये ले जाया गया। दो अन्य समूहों द्वारा नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत कर्मचारी आवास विकास कॉलोनी महलगाँव जाकर जनगणना कार्य किया गया। इस दौरान खातौर पर वास्तविक परिस्थितियों में 01 मई 2026 से होने जा रही जनगणना (मकान गणना) की बारीकियों एवं आने वाली कठिनाइयां व उनके निदान को बारीकी से समझ गया। प्रथम चरण में होगी मकानों की गणना, 34 बिंदुओं की जानकारी होगी संकलित मुख्य प्रशिक्षक श्री एस बी ओझा ने बताया कि भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का काम 01 मई से 31 मई 2026 तक किया जायेगा। जिसमें 34 बिंदुओं में जानकारी संकलित होगी। इसमें भवन व मकान नम्बर सहित मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, मकान किराए का है अथवा स्वयं का, कमरों की संख्या, परिवार के विवाहित दम्पत्तियों की संख्या, पेयजल के मुख्य स्त्रोत, पेयजल स्त्रोतों की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्त्रोत, शौचालय की सुगमता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, परिसर के अंदर स्नान की सुविधा, रसोई घर व एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिये प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर व टेलीविजन की उपलब्धता, इंटरनेट सुविधा, लेपटॉप/कम्प्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन, मोबाइल फोन व स्मार्ट फोन इत्यादि की उपलब्धता, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप व वैन, परिवार द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले अनाज, मसलन चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का व अन्य खाद्यान्न एवं मोबाइल फोन इत्यादि जानकारी शामिल है।