:: 45 फीट ऊंचे और 165 फीट चौड़े द्वार पर उकेरे गए 18 गोत्रों के नाम, समाजसेवी विनोद अग्रवाल ने रिमोट दबाकर किया शुभारंभ :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के नवलखा स्थित महाराजा अग्रसेन प्रतिमा स्थल के समीप नवनिर्मित भव्य प्रवेश द्वार का गुरुवार शाम गरिमामय समारोह में लोकार्पण किया गया। अग्रसेन यूथ क्लब द्वारा बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं समाज के सहयोग से निर्मित इस द्वार का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी व उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने रिमोट का बटन दबाकर किया। जैसे ही लोकार्पण हुआ, द्वार पर लगे 145 रंगीन प्रकाश पुंजों की रोशनी और भव्य आतिशबाजी के बीच पूरा चौराहा महाराजा अग्रसेन के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने शहर की सुंदरता में इस द्वार को एक नई उपलब्धि बताया। प्रवेश द्वार निर्माण समिति के गोविंद सिंघल और संजय बांकड़ा ने बताया कि राजस्थान के विशेष पत्थरों से निर्मित यह द्वार 45 फीट ऊंचा और 165 फीट चौड़ा है, जिसे बनाने में करीब तीन वर्ष का समय लगा। इस स्थापत्य की विशेषता यह है कि इस पर महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों यानी 18 गोत्रों के नाम अंकित किए गए हैं और उनके एक रुपया-एक ईंट के कालजयी आदर्श सिद्धांत को प्रमुखता से उकेरा गया है। यातायात को बाधित किए बिना तैयार किया गया यह प्रवेश द्वार किसी किले या महल जैसा भव्य स्वरूप प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। यूथ क्लब के सचिव सौरभ गोयल बालाजी के अनुसार, समारोह के दौरान महिलाओं और युवतियों द्वारा घर से सजाकर लाई गई थालियों से महाराजा अग्रसेन की महाआरती की गई। कार्यक्रम में बेहतर थाली सज्जा के लिए पुरस्कार भी वितरित किए गए। समारोह में अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों सहित शहर के विभिन्न अग्रवाल संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने यूथ क्लब की इस पहल की सराहना की। प्रकाश/3 अप्रैल 2026