:: खण्डवा में बच्चों के साथ करेंगे मध्यान्ह भोजन, खरगोन में सिकल सेल यूनिट का करेंगे लोकार्पण :: इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल शनिवार और रविवार (4-5 अप्रैल) को मालवा-निमाड़ के तीन प्रमुख जिलों - खण्डवा, खरगोन और धार के सघन प्रवास पर रहेंगे। राज्यपाल का यह दौरा जनजातीय गौरव को नमन करने और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर केंद्रित है। जिला प्रशासन ने राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल पटेल 4 अप्रैल को सुबह 10.15 बजे खण्डवा जिले के पंधाना विकासखंड स्थित ग्राम बड़ौदा अहीर पहुंचेंगे। यहाँ वे जननायक टंट्या भील के स्मारक पर पूजन कर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। सुबह 11.30 बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल हितग्राहियों को सिकल सेल और आयुष्मान कार्डों का वितरण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे स्थानीय स्कूली विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद करेंगे और उनके साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) भी ग्रहण करेंगे। दोपहर 1.45 बजे राज्यपाल का काफिला खरगोन पहुंचेगा। यहाँ सनावद रोड स्थित रक्षा अस्पताल में वे नवनिर्मित सिकल सेल यूनिट का लोकार्पण करेंगे और जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। यह यूनिट क्षेत्र में आनुवंशिक रक्त विकारों के उपचार के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रवास के दूसरे दिन, 5 अप्रैल को राज्यपाल धार जिले के बदनावर में मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में शामिल होंगे। प्रकाश/03 अप्रैल 2026