मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारे भी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। फिल्म की अभिनेता विक्की कौशल और ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म की पूरी टीम की खुलकर प्रशंसा की है। विक्की कौशल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने फिल्म देखने के बाद इसे बेहद प्रभावशाली बताते हुए लिखा कि उन्हें इसे देखकर आश्चर्य, खुशी और गर्व तीनों का एहसास हुआ। उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की मेहनत, ईमानदारी और विजन की जमकर सराहना की। विक्की ने लिखा कि जिस तरह से फिल्म को तैयार किया गया है, वह सोने के समान कीमती है और इसके लिए आदित्य धर बधाई के पात्र हैं। विक्की कौशल ने फिल्म के मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणवीर उन्हें हमेशा प्रेरित करते हैं और एक अभिनेता के रूप में उनकी ऊर्जा और अभिनय शैली बेहद खास है। इसके अलावा उन्होंने आर माधवन और राकेश बेदी के काम की भी सराहना की, जबकि मुस्तफा अहमद के अभिनय को मनोरंजक बताया। फिल्म के तकनीकी पहलुओं की बात करते हुए विक्की ने एडिटर शिवकुमार के काम को अब तक का सर्वश्रेष्ठ बताया। वहीं उन्होंने संगीतकार शाश्वत सचदेव के संगीत की भी प्रशंसा करते हुए खुद को उनका प्रशंसक बताया। इसके साथ ही उन्होंने प्रोडक्शन से जुड़ी कंपनियों और टीम के सदस्यों जियो स्टूडियोज, ज्योति देशपांडे, लोकेश धर और बी62 स्टूडियोज को बधाई देते हुए कहा कि पूरी टीम ने मिलकर शानदार काम किया है और वे सभी सच में ‘धुरंधर’ हैं। वहीं प्रियंका चोपड़ा ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी समेत पूरी कास्ट को बधाई दी। प्रियंका ने विशेष रूप से निर्देशक आदित्य धर की सराहना करते हुए कहा कि वह एक मिशन के साथ काम करने वाले फिल्ममेकर हैं और यह फिल्म हर पहलू में शानदार है। गौरतलब है कि धुरंधर: द रिवेंज वर्ष 2025 में आई धुरंधर का सीक्वल है। पहले भाग को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन दूसरे भाग में कहानी और एक्शन को और ज्यादा भव्य और प्रभावशाली बनाया गया है। सुदामा/ईएमएस 04 अप्रैल 2026