04-Apr-2026
...


लंदन (ईएमएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने कहा है कि लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत को पारी की शुरुआत नहीं करनी चाहिये। पीटरसन के अनुसार इससे ऋषभ पर अतिरिक्त दबाव बना रहा है जिससे उनकी बल्लेबाजी खराब हो रही है। पीटरसन के अनुसार इस बल्लेबाज का शीर्ष क्रम की जगह अपने वास्तविक क्रम पर खेलना चाहिए। पीटरसन के अनुसार शीर्ष क्रम पर खेलने के कारण वह अपने खेल का आनंद लेने की जगह पर बिना कारण दबाव में आ रहे हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सलामी बल्लेबाज के रूप में केवल सात रन ही बना पाये जिससे उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। पीटरसन का कहना है कि इस बल्लेबाज का पारी की शुरुआत में उतरना ठीक नहीं लगता। पीटरसन ने कहा, ‘‘जब आप लखनऊ की टीम की बल्लेबाजी क्षमता को देखते हैं तो सवाल उठता है कि क्या ऋषभ पंत वास्तव में सलामी बल्लेबाज हैं। मुझे लगता है कि पिछले साल की तुलना में उन्हें इस साल बल्लेबाजी क्रम में कुछ ज्यादा ही ऊपर भेज दिया गया है।’’ इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ‘‘पिछले साल उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में नीचे खेलने का फैसला किया और अब वह अचानक से कह रहे हैं कि ‘मैं शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करूंगा।’ मुझे लगता है कि उन्हें बस मैदान पर जाकर अपने खेल का स्वाभाविक खेल खेलना चाहिए।’’ वह बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आकर बेवजह ही तनाव में आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अपने को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए मजबूर मत करो, उस स्थिति का आनंद लो।’’ ईएमएस 04 अप्रैल 2026