राष्ट्रीय
04-Apr-2026
...


तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर का काफिला रोका गया और उनके गनमैन-ड्राइवर पर हमला किया गया है। घटना शुक्रवार रात 7.30 बजे मल्लपुरम के वांडुर में हुई। पुलिस के मुताबिक शशि थरूर जब चुनावी सभा के लिए जा रहे थे तब तिरुवल्ली में पांच लोगों ने उनका काफिला रोका। पुलिस ने बताया कि थरूर के गनमैन रतीश के पी ने इन लोगों को हटाने की कोशिश की तो उस पर हमला किया गया। आरोपियों ने ड्राइवर पर भी हमला किया। मामले में एक आरोपी हिरासत में लिया गया है अन्य की तलाश जारी है। हमले में थरूर सुरक्षित हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक केरल के यंग वोटर्स 18 से 30 साल को 9 अप्रैल को वोटिंग वाले दिन पोलिंग स्टेशन तक 2 किमी के अंदर फ्री राइड मिलेगी। पहली बार वोट देने वाले वोटर्स को हलवा पैकेट मिलेगा। हर जिले में 200 पैकेट भेजे जाएंगे। वहीं तमिलनाडु के लालगुडी में चुनावी फ्लाइंग स्क्वॉड ने 50 लाख रुपए कैश जब्त किए, जिसका कोई वैध हिसाब नहीं दिया जा सका। यह रकम टीवीके उम्मीदवार कू पा कृष्णन के एक रिश्तेदार के घर से बरामद हुई है। टीवीके प्रमुख विजय के नामांकन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट के हलफनामे में उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एक नए केस का जिक्र किया, जबकि पेरंबूर सीट के नामांकन में ये जानकारी नहीं दी थी। इस अंतर पर सवाल उठ रहे हैं और इस पर विवाद बढ़ता जा रहा है। तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने तिरुनेलवेली में चुनाव प्रचार के दौरान रजनीकांत का गाना गाकर डीएमके का घोषणापत्र समझाया। इस दौरान उन्होंने गठबंधन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की। सिराज/ईएमएस 04अप्रैल26