04-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के सातवें मुकाबले के बाद टूर्नामेंट में ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुए मुकाबले के बाद दोनों ही कैप पर पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने कब्जा जमा लिया है, जिससे टीम का दबदबा साफ नजर आ रहा है। ऑरेंज कैप की रेस में कूपर कोनोली ने बढ़त बना ली है। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 22 गेंदों में 36 रन की अहम पारी खेलते हुए इस सीजन में कुल 108 रन पूरे कर लिए हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में अंगकृष रघुवंशी 103 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा ईशान किशन (94 रन), हेनरिक क्लासेन (83 रन) और रयान रिकेल्टन (81 रन) भी टॉप बल्लेबाजों में शामिल हैं। पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह ने 43 रन की पारी खेलकर कुल 80 रन के साथ छठे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की है। वहीं रोहित शर्मा 78 रन के साथ सातवें स्थान पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 73 रन बनाए और टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में जगह बना ली है। वहीं विराट कोहली और श्रेयस अय्यर भी मध्यक्रम में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। कूपर कोनोली- 108 अंगकृष रघुवंशी- 103 ईशान किशन- 94 हेनरिक क्लासेन- 83 रयान रिकेल्टन- 81 प्रभसिमरन सिंह- 80 रोहित शर्मा- 78 अजिंक्य रहाणे- 2 आयुष म्हात्रे- 73 समीर रिजवी- 70 दूसरी ओर, पर्पल कैप की दौड़ में भी पंजाब किंग्स के गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला है। विजयकुमार वैशक ने चेन्नई के खिलाफ 2 विकेट लेकर इस सीजन में कुल 5 विकेट अपने नाम किए और पर्पल कैप हासिल कर ली। उन्होंने जयदेव उनादकट को पीछे छोड़ दिया, जिनके खाते में 4 विकेट हैं। इसके अलावा अंशुल कंबोज और ब्लेसिंग मुजरबानी भी 4-4 विकेट के साथ इस रेस में बने हुए हैं। 3 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा, टी नटराजन, लुंगी एनगिडी और शार्दुल ठाकुर जैसे गेंदबाज शामिल हैं। विजयकुमार वैशक- 5 जयदेव उनादकट- 4 अंशुल कंबोज- 4 ब्लेसिंग मुजरबानी- 4 जैकब डफी- 3 युजवेंद्र चहल- 3 प्रसिद्ध कृष्णा- 3 टी नटराजन- 3 लुंगी एनगिडी- 3 शार्दुल ठाकुर- 3 कुल मिलाकर, टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में ही ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस रोमांचक हो गई है, जहां हर मैच के साथ खिलाड़ियों की रैंकिंग में तेजी से बदलाव हो रहा है और आने वाले मुकाबलों में यह प्रतिस्पर्धा और कड़ी होने की उम्मीद है। डेविड/ईएमएस 04 अप्रैल 2026