अंतर्राष्ट्रीय
04-Apr-2026
...


-पहलगाम हमले की बरसी से पहले पाक रक्षामंत्री ने दी भारत को गीदड़ भभकी इस्लामाबाद,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर में पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी से ठीक पहले पाकिस्तान ने गीदड़भभकी दी है। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान के बाद पाकिस्तानी डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि अगर भारत ने दोबारा कोशिश की तो पहले से ज्यादा जिल्लत उठाएंगे। पहले तो 200-250 किलोमीटर तक ही लिमिटेड था, लेकिन अब अंदर घर में घुसकर मारेंगे। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के इस बयान को गंभीरता से लिया जा रहा है, क्योंकि पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में उसके ही आतंकियों ने भारतीय पर्यटकों को बेरहमी से मार दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी है कि किसी भी हमले के जवाब में उनका देश त्वरित और निर्णायक कार्रवाई करेगा। आसिफ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर यह टिप्पणी की। बता दें राजनाथ सिंह ने कहा था कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह की दुस्साहसिक हरकत का जवाब अभूतपूर्व और निर्णायक कार्रवाई से दिया जाएगा। आसिफ ने कहा कि बार-बार दोहराई जाने वाली बयानबाज़ी ताकत नहीं, बल्कि पहलगाम हमले की बरसी नजदीक आने के साथ स्पष्ट रणनीतिक बेचैनी को दर्शाती है। आसिफ ने कहा कि इस तरह की धमकियां देना कोई नयी बात नहीं है। यह एक अनुमानित पैटर्न का हिस्सा है- आंतरिक कमजोरी को बाहरी रूप देना और निहित राजनीतिक हितों के लिए निराधार आरोपों की आड़ में तनाव बढ़ाने का प्रयास है। रिपोर्ट के मुताबिक मई में हुए चार दिन के सैन्य टकराव को याद करते हुए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि इतिहास इस बात का प्रमाण है कि गलत आकलन के गंभीर परिणाम होते हैं। उन्होंने कहा कि अगली बार हमारा जवाब और भी ज्यादा सशक्त और निर्णायक होगा। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन संप्रभुता की रक्षा करने का उसका संकल्प पूर्ण है, उसकी तैयारी संपूर्ण है और उसकी प्रतिक्रिया त्वरित और निर्णायक होगी। सिराज/ईएमएस 04अप्रैल26