04-Apr-2026
...


- पार्वती तपस्या और शिव बारात का वर्णन सुन भावुक हुए श्रद्धालु - रामायण कथा में शिव विवाह बना आकर्षण का केंद्र, गूंजे महादेव के जयकारे - 2 अप्रैल को शुभारंभ, 11 अप्रैल तक चलेगा भव्य धार्मिक आयोजन - आचार्यों के प्रवचन से भक्त हुए मंत्रमुग्ध, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के ग्राम सेमरा (भरारी) में श्री अखण्ड नवधा रामायण का गौरवशाली 24वां वर्ष भक्ति और श्रद्धा के साथ शुरू हो गया है। इस भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को कलश यात्रा और वेदी पूजन के साथ की गई। इसके बाद 3 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) से विधिवत रामायण कथा का प्रारंभ हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आयोजन स्थल रामायण चौक पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और पूरा गांव आस्था में डूबा नजर आ रहा है। इसी क्रम में कथा के दौरान शिव विवाह प्रसंग का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया। आचार्य द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की कथा सुनाई गई, जिसमें शिवजी की बारात, माता पार्वती की तपस्या और विवाह का दिव्य प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। समिति के अनुसार, यह धार्मिक अनुष्ठान 11 अप्रैल 2026 (शनिवार) तक चलेगा। वहीं 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को कथा विश्राम के साथ चढ़ोत्री, हवन, सहस्त्रधारा तथा ब्राह्मण एवं कन्या भोज के साथ प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस आयोजन में आचार्य पं. प्रशेन दुबे एवं पं. राजकुमार दुबे द्वारा रामायण कथा का वाचन किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। ग्राम सेमरा के समस्त ग्रामवासी एवं मानस मंडली के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। अखण्ड नवधा रामायण समिति, ग्राम सेमरा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मनोज राज 04 अप्रैल 2026