खेल
04-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। विराट कोहली का नाम आईपीएल के सबसे सफल और भरोसेमंद खिलाड़ियों में शुमार किया जाता है। खास बात यह है कि कोहली उन गिने-चुने खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने 2008 में लीग की शुरुआत से लेकर अब तक अपनी फ्रेंचाइजी रॉयल चेलेंजर बेंगलुरु का साथ नहीं छोड़ा। उनका यह सफर न केवल प्रदर्शन के लिहाज से, बल्कि कमाई के मामले में भी बेहद शानदार रहा है। साल 2008 में जब कोहली को अंडर-19 टीम से स्काउट कर आरसीबी में शामिल किया गया था, तब उनकी सैलरी महज 12 लाख रुपये थी। शुरुआती तीन सीजन तक वह इसी रकम पर टीम के लिए खेलते रहे। हालांकि, उनकी प्रतिभा और निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए फ्रेंचाइजी को जल्द ही यह एहसास हो गया कि वह लंबे समय तक टीम की रीढ़ बन सकते हैं। यही वजह रही कि 2013 में उन्हें टीम की कमान सौंपी गई और उन्होंने 2021 तक कप्तानी करते हुए आरसीबी को नई पहचान दिलाई। इस दौरान उनकी सैलरी में भी लगातार इजाफा होता गया। अगर उनके पहले सीजन की सैलरी की तुलना मौजूदा कमाई से की जाए, तो यह करीब 175 गुना तक बढ़ चुकी है। आईपीएल 2026 में विराट कोहली की सैलरी 21 करोड़ रुपये है, जो उन्हें लीग के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल करती है। वह न सिर्फ टीम के प्रमुख बल्लेबाज हैं, बल्कि ब्रांड वैल्यू के लिहाज से भी आरसीबी के सबसे बड़े चेहरे बने हुए हैं। क्रिकेट के अलावा भी कोहली की पहचान एक बड़े ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुकी है। विज्ञापनों, ब्रांड एंडोर्समेंट और बिजनेस निवेश के जरिए उनकी कमाई लगातार बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 1100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जाती है, जो उन्हें दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटरों में शामिल करती है। विराट कोहली का यह सफर दर्शाता है कि प्रतिभा, मेहनत और निरंतरता के दम पर एक खिलाड़ी किस तरह नई ऊंचाइयों को छू सकता है और खेल के साथ-साथ आर्थिक सफलता भी हासिल कर सकता है। डेविड/ईएमएस 04 अप्रैल 2026