04-Apr-2026


रामगढ़(ईएमएस)।पतरातू थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार की अहले सुबह ओसमा दूध फैक्ट्री गेट के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक हेलमेट पहनकर फैक्ट्री गेट के पास पहुंचे और अचानक हवा में ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे।कुछ देर तक फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।ज्ञात हो कि इससे पहले 27 मार्च की शाम पतरातू रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तैनात एक सुरक्षा गार्ड को अपराधियों ने गोली मार दी थी।गार्ड को कमर के नीचे गोली लगी थी, जिससे उसकी जान बच गई थी। हालांकि इस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से यह स्पष्ट हो रहा है कि अपराधी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी वारदात ने क्षेत्र में भय और आक्रोश दोनों को बढ़ा दिया है।हालांकि, इस पूरे मामले में पतरातू पुलिस और ओसमा मिल्क प्रबंधन ने घटना से इनकार किया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कर्मवीर सिंह/04अप्रैल/26