04-Apr-2026


खूंटी(ईएमएस)।भूषण कांसी प्रखंड के बेलाहाथी गांव स्थित बजरंग बली मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ शनिवार की सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर 751 कन्याओं ने भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कलश यात्रा के दौरान महिलाओं एवं कन्याओं ने स्थानीय तजना नदी से जल भरकर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इस यात्रा में बेलाहाथी, चिकोर, दतिया, जमुवादग और पिपरोली गांव की सैकड़ों कन्याएं शामिल हुईं, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुरोहित पंडित लखेश्वर पांडा की टीम द्वारा कराया जा रहा है। यजमान के रूप में शंकर महतो अपनी धर्मपत्नी मीनू देवी के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं। समिति की ओर से शनिवार शाम अधिवास पूजा एवं आरती का आयोजन किया जाएगा।रविवार, 5 अप्रैल को 24 घंटे के अखंड हरि कीर्तन की शुरुआत होगी। इसके साथ ही शाम में पूजा, हवन तथा रात्रि में महाआरती, आशीर्वचन एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।वहीं 6 अप्रैल को नगर भ्रमण, हवन, पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में महावीर राम, सुधीर महतो, अशोक महतो, संदीप कुमार, तेजू राम, बीरेंद्र साहू, सुजीत कुमार, विनोद राम, आनंद राम सहित स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान रहा। कर्मवीर सिंह/04अप्रैल/26