-ईरान संघर्ष का तेल-गैस पर पड़ रहा असर इस्लामाबाद,(ईएमएस)। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब पाकिस्तान की आम जनता पर साफ दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है, जो एक महीने के भीतर दूसरी वृद्धि है। नई दरों के अनुसार, डीजल की कीमत में 184.49 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जिसके बाद यह 520.35 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं पेट्रोल 137.23 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 458.40 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। बढ़ी हुई कीमतें गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि से लागू कर दी गई हैं। सरकार का कहना है कि यह फैसला अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण लिया गया है। पेट्रोलियम मंत्री अली पर्वेज मलिक ने वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ईरान से जुड़े संघर्ष और वैश्विक आपूर्ति बाधित होने के कारण कीमतों को नियंत्रित करना संभव नहीं रह गया था। गौरतलब है कि हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट में तनाव के चलते ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसके बाद पहले भी कीमतों में लगभग 50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। सरकार ने कहा कि डीजल कृषि और सार्वजनिक परिवहन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी कीमतों को सीमित रखने की कोशिश की गई, लेकिन बढ़ती लागत के चलते राहत देना मुश्किल हो गया। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर महंगाई पर पड़ेगा, जिससे पाकिस्तान की पहले से दबाव में चल रही अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। हिदायत/ईएमएस 04अप्रैल26