04-Apr-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को जारी अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी एवं जनोन्मुखी नेतृत्व में संचालित ‘सात निश्चय’ योजना ने राज्य के ग्रामीण परिदृश्य में उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक परिवर्तन सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी पहल के माध्यम से आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस प्रगति दर्ज की गई है। ‘हर घर बिजली’, ‘हर घर नल का जल’ तथा घर-घर तक पक्की गली-नालियों के निर्माण जैसे कार्यक्रमों ने ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में व्यापक सुधार किया है और आमजन को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त किया है। नीतीश कुमार की कुशल नीतियों के परिणामस्वरूप बिहार का ग्रामीण क्षेत्र लालटेन के युग से निकलकर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जगमगा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना ने गांवों की तस्वीर बदली है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कौशल युवा कार्यक्रम जैसी पहलों के माध्यम से उन्हें उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया है, जिससे आत्मनिर्भरता की दिशा में नई संभावनाएँ सृजित हुई हैं। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा सरकारी सेवाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू कर उन्हें समाज एवं प्रशासन में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जो सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जीएनएम, पाॅलिटेक्निक एवं आईटीआई संस्थानों के व्यापक विस्तार से तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा का सुदृढ़ आधार तैयार हुआ है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और उनके भविष्य को नई दिशा मिल रही है। परिणामस्वरूप, रोजगार सृजन एवं सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में बिहार आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। संतोष झा-०४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस