सिलवासा(ईएमएस)। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के सिलवासा में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। डेमानी रोड स्थित एक गोदाम में नाइट्रोजन गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। चश्मदीदों ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि गोदाम की छत और दीवारें उड़ गईं। धमाके की गूंज लगभग 30 मीटर के दायरे में सुनी गई, जिससे आसपास के निवासियों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। सडक़ पर मलबा बिखर गया और तेज़ आवाज़ के कारण पास के स्कूल के बच्चों और स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा उस समय हुआ जब गोदाम में नाइट्रोजन सिलेंडर रिफिल किए जा रहे थे। रिफिलिंग प्रक्रिया के दौरान अचानक एक सिलेंडर फट गया, जिससे पूरे गोदाम में धमाका हो गया। विनोद उपाध्याय / 04 अप्रैल, 2026