खेल
04-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल के मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मुंबई इंडियंस को उनके घरेलू मैदान के बाद अब अपने घर में भी पटखनी दे दी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 162 रनों का स्कोर बनाया था, जिसे दिल्ली ने 18.2 ओवरों में ही 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। दिल्ली की जीत के सबसे बड़े नायक समीर रिजवी रहे। रिजवी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मुंबई के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। रिजवी ने मात्र 51 गेंदों में 90 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 7 चौके शामिल थे। उन्होंने डेविड मिलर के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 78 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। यह रिजवी का इस आईपीएल सीजन का तीसरा और लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या के पूरी तरह फिट न होने के कारण आज मुंबई इंडियंस की कमान सूर्यकुमार यादव ने संभाली। सूर्यकुमार ने कप्तानी पारी खेलते हुए 51 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 35 और नमन धीर ने 28 रनों का योगदान दिया। दिल्ली के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मुंबई पर दबाव बनाए रखा। मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके। उनके अलावा अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, विपराज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट लेकर मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुँचने से रोका। सुबोध/०४-०४-२०२६