भोपाल के 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग हुए संपन्न भोपाल(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत शुक्रवार को भोपाल जिले के 18 मंडलों में व्यापक रूप से प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने बताया कि यह अभियान संगठन की मजबूती तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं कार्यकुशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पार्टी विथ डिफरेंस ऐसे ही नहीं कहा जाता। जहां अन्य दलों में मंच, माला और माइक को लेकर विवाद देखने को मिलते हैं, वहीं भाजपा में अनुशासन, निर्धारित मापदंडों का पालन और वरिष्ठ नेतृत्व का आदर्श आचरण इसकी विशेष पहचान है। इसका उदाहरण साकेत मंडल के प्रशिक्षण वर्ग में देखने को मिला, जहां जिलाध्यक्ष स्वयं सबसे पीछे बैठकर सत्र को सुनते हुए नजर आए। हुजूर विधानसभा के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में जिलाध्यक्ष श्री यति ने सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप पाटीदार, जिला सह कार्यालय मंत्री भूपेंद्र माली, वरिष्ठ नेता मुरारी शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के इतिहास एवं विकास पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। गोविंदपुरा विधानसभा के साकेत मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में मध्य प्रदेश शासन की राज्य मंत्री कृष्णा गौर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान जिला प्रभारी जसवंत हाड़ा, मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह वैश्य, जिला उपाध्यक्ष भाषित दीक्षित, भीकम सिंह बघेल, जिला मंत्री सरिता पीपलोदे, विधानसभा संयोजक तीर्थराज मिश्रा एवं सह प्रभारी गणेश राम नगर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के टैगोर मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में विधायक भगवानदास सबनानी ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश राय, मंडल अध्यक्ष पारस नरवरिया, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। यहां भी प्रशिक्षण के साथ भाजपा के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया। वहीं मध्य विधानसभा के अरेरा मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों को पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाड़ा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मिलन भार्गव तथा कार्यालय मंत्री योगेंद्र मुखरैया ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, पूर्व संयोजक विकास बोंदरिया, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ नेता पयोज जोशी, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ जिला संयोजक निखिलेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, महामंत्री जसवंत सिंह राजपूत, सिद्धार्थ सोनवाने सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष श्री यति ने बताया कि इन प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी के सिद्धांत, इतिहास, संगठनात्मक संरचना एवं चुनावी प्रबंधन की बारीकियों की जानकारी दी जा रही है, जिससे आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावों में संगठन और अधिक प्रभावी रूप से कार्य कर सके। कार्यक्रमों के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन की रीति-नीति के अनुरूप समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। हरि प्रसाद पाल / 04 अप्रैल, 2026