मुंबई (ईएमएस)। अभिनेत्री मौनी रॉय को सिंगापुर में अपने नए म्यूजिक वीडियो ‘सॉसी’ की शूटिंग के दौरान एक नया अनुभव हुआ। वीडियो में उन्होंने पंजाबी सिंगर-रैपर रियार साब और मशहूर रैपर डिवाइन के साथ काम किया है। अभिनेत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सिंगापुर पहले से ही उनकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल था, लेकिन इस बार वहां जाना उनके लिए बेहद खास साबित हुआ। उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत देश को पहली बार करीब से देखने और उसी दौरान शूटिंग करने का अनुभव उनके लिए अनोखा रहा। वहां का खाना, फैशन और माहौल उन्हें बेहद पसंद आया और उन्होंने खुद को उस माहौल में पूरी तरह घुला-मिला हुआ महसूस किया। उन्होंने आगे बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाने का मौका मिला, जहां हर जगह का अनुभव अलग था। कभी शहर तेज रफ्तार और हलचल से भरा नजर आता था, तो कभी शांत और सुकून देने वाला। इसी दौरान उन्हें सिंगापुर से एक खास जुड़ाव महसूस होने लगा। मौनी के मुताबिक, वह वहां काम करने गई थीं, लेकिन शहर के आकर्षण में इस कदर खो गईं कि अब दोबारा वहां जाने की इच्छा रखती हैं। यह गाना ‘सॉसी’ गली गैंग एंटरटेनमेंट के बैनर तले तैयार किया गया है और यह डिवाइन के पांचवें स्टूडियो एल्बम वॉकिंग ऑन वॉटर का हिस्सा है। डिवाइन ने बताया कि वह ऐसा ट्रैक बनाना चाहते थे जिसे लोग आसानी से सुन सकें और जो एक अलग तरह की ऊर्जा और वाइब दे। उन्होंने कहा कि रियार साब के साथ उनकी केमिस्ट्री पहले से ही अच्छी रही है और मौनी रॉय के साथ काम करने से यह प्रोजेक्ट और भी खास बन गया। शूटिंग लोकेशन के तौर पर सिंगापुर को चुनने का फैसला भी काफी सही साबित हुआ, क्योंकि शहर की तेज रफ्तार और आधुनिक अंदाज गाने की थीम के अनुरूप था। वहीं, रियार साब ने भी इस प्रोजेक्ट को खास बताते हुए कहा कि डिवाइन के साथ काम करना हमेशा आसान और मजेदार रहता है। उनके मुताबिक, ‘सॉसी’ एक ऐसा गाना है जिसमें शुरुआत से ही सही ऊर्जा थी। सुदामा/ईएमएस 05 अप्रैल 2026