क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


- बर्फ तोड़ते समय दिखा था मरा हुआ मेंढक - कोरबा चौपाटी-संघ ने की संबंधित फैक्ट्री पर कार्यवाही की करी मांग कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में सोडा-गन्ना जूस की दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिलने का मामला और गहरा गया हैं। जानकारी के अनुसार जूस बनाते समय जब बर्फ को तोड़ा जा रहा था, तभी उसमें मेंढक दिखाई दिया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में चौपाटी संघ ने खाद्य-औषधि विभाग से सख्त कार्यवाही की मांग की है, जबकि विभाग ने मामले में जांच का आश्वसन दिया है। हालांकि इस घटना के बाद दुकान नियमित रूप से संचालित है। संचालक घंटाघर चौपाटी में अपनी दुकान लगाता है और सोडा-जूस बेचता है। उसकी दुकान पर कुछ ग्राहक आए और उन्होंने जूस का ऑर्डर दिया। संचालक ने पहले जूस बनाया, बाद में उसमें डालने बर्फ तोड़ने लगा। इस दौरान बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिला। कुछ देर बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बर्फ तोड़कर मेंढक को बाहर निकला। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई। बताया जा रहा है कि दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ डिपो से लाई गई थी। इस घटना के बाद ग्राहकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही बेहद खतरनाक है। ग्राहकों ने खाद्य विभाग और नगर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि यह घटना एक जूस सेंटर में हुई है। जानकारी के अनुसार, जूस सेंटर संचालक ने निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से बर्फ खरीदी थी, जो थोक में फैक्ट्री से लाई गई थी। उन्होंने बर्फ फैक्ट्री के संचालक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। बर्फ दुकान के संचालक डी. गुप्ता ने बताया कि वे सुभाष चौक पर बर्फ का डिपो चलाते हैं और कई फैक्ट्रियों से बर्फ खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि जिस बर्फ में मेंढक मिला है, वह किस फैक्ट्री से आई थी। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह बर्फ उनके डिपो की थी या नहीं। खाद्य-औषधि विभाग के अधिकारी विकास भगत ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जाएगी और शहर की सभी बर्फ फैक्ट्रियों की पड़ताल भी की जाएगी। 05 अप्रैल / मित्तल