कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर में दुकानों और प्रतिष्ठानों से लगातार हो रही एसी के कॉपर वायर चोरी की वारदातों पर आखिरकार कोतवाली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की गिरफ्तार कथित आरोपी देर रात दुकानों को निशाना बनाकर एसी के कॉपर वायर निकालते थे और उन्हें ठिकाने लगाते थे। - बरामद हुआ चोरी का सामान कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने शहर के किन-किन इलाकों में वारदात को अंजाम दिया है और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं। पिछले कुछ समय से शहर के विभिन्न क्षेत्रों से एसी कॉपर वायर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे व्यापारी वर्ग में नाराजगी थी। पुलिस ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ाई और आखिरकार गिरोह तक पहुंच गई। फिलहाल पुलिस मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। 05 अप्रैल / मित्तल