वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के कुद्स बल के पूर्व कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी की रिश्तेदार हमीदा सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी को अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने हिरासत में ले लिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई उनके ग्रीन कार्ड की अवधि समाप्त किए जाने के बाद की गई है। जानकारी के मुताबिक, हमीदा सुलेमानी की भतीजी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस गिरफ्तारी पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर उनकी खुद की टिप्पणियों से यह स्पष्ट हुआ है कि सुलेमानी अफशार ईरान के तानाशाही और आतंकवादी शासन की मुखर समर्थक हैं। सुरक्षा कारणों और राजनीतिक रुख को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इतना ही नहीं, अफशार के पति के भी अमेरिका में प्रवेश पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। गौरतलब है कि जनरल कासिम सुलेमानी 2020 में बगदाद हवाई अड्डे के पास एक अमेरिकी हमले में मारे गए थे। इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी जनता को संबोधित करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने घोषणा की कि ईरान के खिलाफ जारी युद्ध अब अपने अंतिम चरण में है और इसके दो या तीन सप्ताह में समाप्त होने का अनुमान है। हालांकि, उन्होंने सैन्य कार्रवाई और तेज करने के संकेत देते हुए चेतावनी दी कि यदि ईरान नहीं सुधरा, तो उसे पाषाण युग में वापस भेज दिया जाएगा। ऊर्जा सुरक्षा पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब दुनिया का अग्रणी तेल और गैस उत्पादक है, इसलिए उसे हॉर्मुज जलडमरूमध्य जैसे समुद्री गलियारों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक बाजार में उथल-पुथल के बावजूद अमेरिका पूरी तरह सुरक्षित है। ईरानी अधिकारियों के करीबियों पर शिकंजा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाला प्रशासन ईरान की वर्तमान और पूर्ववर्ती सरकार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपना रहा है। हाल ही में कम से कम चार ईरानी नागरिकों के ग्रीन कार्ड या वीजा रद्द किए गए हैं। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अली लारिजानी की बेटी फातिमा अर्देशीर-लारिजानी और उनके पति का वीजा भी रद्द कर दिया है। अली लारिजानी पिछले महीने ही एक हवाई हमले में मारे गए थे। वीरेंद्र/ईएमएस/05अप्रैल2026