दरभंगा, (ईएमएस)। बिहार के दरभंगा जिले में हुए बहुचर्चित हायाघाट हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। हायाघाट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, कांड संख्या 64/26 के तहत दर्ज इस मामले में मृतक विजय झा की हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गेश झा, कमल नारायण झा और जयंत झा के रूप में हुई है, जो सभी पौराम गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मामले में शामिल एक नाबालिग को विधि के अनुसार हिरासत में लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था, जिसने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। - संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस