नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली के दयालपुर में 400 रुपये के विवाद में चार नाबालिगों ने 26 वर्षीय कैफ की चाकू मारकर हत्या कर दी। तीन नाबालिगों ने हमला किया जबकि चौथा घटना का वीडियो बनाता रहा। राजधानी में नाबालिगों द्वारा हत्या और लूट की वारदातों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में यहां के दयालपुर इलाके में एक बार फिर नाबालिगों दिल को दहलाने वाली वारदात को अंजाम दिया। महज 400 रुपये के लेनदेन के विवाद में चार नाबालिगों ने 26 वर्षीय युवक कैफ की सरेराह चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान तीन नाबालिग हत्या कर रहे थे जबकि चौथा वीडियो बना रहा था। पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। हत्या से गुस्साए स्वजन ने बृजपुरी रोड पर शव रखकर हंगामा काटा। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर शाम को 25 फुटा रोड स्थित बाबू हलवाई की दुकान के पास कैफ को उसके परिचित तीन नाबालिगों ने घेर लिया। नाबालिगों को देखकर कैफ ने भागने का प्रयास किया लेकिन पास खड़ी साइकिल में फंसकर वह गिर पड़ा। डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला आशीष मिश्रा ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल तीन चाकू भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपितों को कैफ से 400 रुपये लेने थे। इसे लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गुस्साए स्वजन ने बृजपुरी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया गया। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/ अप्रैल /2026