इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज मामले में दोस्तों के साथ गोवा घूमने गए युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। वह गोवा के एक क्लब में गया था जहां चल रही डांस पार्टी के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गया। घटना उत्तरी गोवा के अंजुना थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक का नाम इशान पिता जयवंतसिंह बड़गुर्जर उम्र इक्कीस साल निवासी कैट रोड,राजेंद्र नगर है वह बीबीए की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार अपने नौ दोस्तों के साथ गोवा घूमने आया इशान शुक्रवार को सभी पर्यटन स्थलों पर घूमने के बाद होटल आ गया था इसके बाद सभी खाना खाने के लिए एक रेस्त्रां में गए। रेस्त्रां में डांस करने के दौरान इशान की तबीयत बिगड़ी और वह बैठ गया। उसके दोस्त उसे तत्काल अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टरों ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया। पुलिस ने शराब के सेवन से इन्कार करते हार्ट अटैक की आशंका जताई है। फिलहाल इंदौर से इशान के स्वजन, दोस्त और रिश्तेदार गोवा पहुंच गए हैं जिन्हें पुलिस ने मृतक इशान का शव सौंप दिया है। आनंद पुरोहित/ 05 अप्रैल 2026